करीब दो साल बाद जेल से बाहर आएंगे पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, समर्थकों में खुशी

रांची : झारखंड के पूर्व मंत्री Alamgir Alam को करीब दो साल बाद सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। बहुचर्चित टेंडर कमीशन घोटाला मामले में जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। रांची स्थित उनके आवास पर समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं और पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर की। लंबे समय से जेल में बंद रहने के कारण कई समर्थक भावुक भी नजर आए।
जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 6 मई 2024 को रांची समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई टेंडर कमीशन घोटाला मामले में की गई थी, जिसमें आलमगीर आलम के करीबी और निजी सचिव संजीव लाल से जुड़े परिसरों को भी खंगाला गया था।
छापेमारी के दौरान सबसे बड़ी बरामदगी संजीव लाल के सहायक जहांगीर आलम के घर से हुई थी, जहां से ईडी ने करीब 32.2 करोड़ रुपये नकद जब्त किए थे। इसके अलावा अन्य ठिकानों से भी लाखों रुपये नकद और कथित लेनदेन से जुड़ी डायरी बरामद होने की बात सामने आई थी।
ईडी ने मामले को लेकर आलमगीर आलम से लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया था। अब सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य और आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
समर्थकों का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और अब आलमगीर आलम के जेल से बाहर आने का इंतजार किया जा रहा है।

















