प्रधानमंत्री की अपील का असर: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा पैदल पहुंचे न्यायालय

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : प्रधानमंत्री Narendra Modi की पेट्रोल-डीजल बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील का असर अब न्यायिक महकमों में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में सिमडेगा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश Rajeev Kumar Sinha शुक्रवार को अपने आवास से पैदल चलकर न्यायालय पहुंचे।
बताया गया कि उन्होंने ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और आम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से यह पहल की। न्यायालय पहुंचने के दौरान उन्होंने रास्ते में लोगों से संवाद भी किया और कहा कि छोटी-छोटी पहल से बड़े बदलाव संभव हैं।
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की थी। इसके बाद देश के कई हिस्सों में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी पैदल या साइकिल से कार्यालय पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के इस कदम को न्यायपालिका की सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है। न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और कर्मियों ने भी उनकी इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समाज के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करें, तो आम जनता में भी जागरूकता तेजी से बढ़ती है। राजीव कुमार सिन्हा का यह प्रयास न केवल ईंधन बचत का संदेश देता है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को प्रेरित करता है।

















