बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिली नई सुविधाएं, केंद्रीय मंत्री ने किया उद्घाटन

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर आज यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नई यात्री-अनुकूल पहल की शुरुआत की गई। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडु ने एयरपोर्ट परिसर में नवनिर्मित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस दौरान मंत्री ने एयरपोर्ट पर विकसित फीचर वॉल, उड़ान यात्री कैफे, अवसर काउंटर, किड्स जोन और फ्लाईब्रेरी का भी उद्घाटन किया। इन नई सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना और एयरपोर्ट को अधिक आधुनिक एवं सुविधाजनक बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर के एयरपोर्ट्स पर यात्री सुविधाओं को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रांची एयरपोर्ट पर शुरू की गई ये पहल यात्रियों के सफर को अधिक सुगम, आरामदायक और यादगार बनाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार नागरिक उड्डयन क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि छोटे और बड़े शहरों के लोगों को बेहतर हवाई सेवाएं मिल सकें। एयरपोर्ट पर शुरू की गई नई सुविधाओं से खासकर बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और आम यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।

















