सिमडेगा समाहरणालय में एसीबी का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते गृह रक्षक जवान गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के समाहरणालय कार्यालय में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गृह रक्षक जवान को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार जवान की पहचान राजू कुमार साह के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद समाहरणालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बानो थाना क्षेत्र के बुड़िसरी गांव निवासी श्रवण गोप ने एसीबी रांची से शिकायत की थी कि समाहरणालय कार्यालय में ड्यूटी दिलाने के नाम पर उससे 7 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत में राजू कुमार साह पर घूस मांगने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने मामले का सत्यापन किया। जांच में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार को एसीबी अधिकारियों ने समाहरणालय कार्यालय में छापेमारी कर आरोपी को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी टीम आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए रांची ले गई। इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी कार्यालयों में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि एसीबी अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
















