District Mining Inspector accused of illegal extortion, Tractor Association demands investigation from DC

जिला खनन निरीक्षक पर अवैध वसूली का आरोप, ट्रैक्टर एसोसिएशन ने डीसी से की जांच की मांग

Share
Link copied
District Mining Inspector accused of illegal extortion, Tractor Association demands investigation from DC
District Mining Inspector accused of illegal extortion, Tractor Association demands investigation from DC

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा ट्रैक्टर एसोसिएशन ने जिला खनन निरीक्षक शुभम दत्ता पर अवैध वसूली और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से उपायुक्त को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि, जिला खनन निरीक्षक शुभम दत्ता ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।

आवेदन के अनुसार, 21 मई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे सिमडेगा कॉलेज के पास उड़ीसा से चिप्स लेकर आ रहे एक डंपर वाहन को जिला खनन निरीक्षक ने रोका था। वाहन चालक से कागजात मांगे गए, लेकिन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोप है कि इसके बावजूद वाहन को जब्त करने के बजाय निरीक्षक वाहन को भट्ठी टोली होते हुए नीचे बाजार स्थित गुलजार गली ले गए, जहां वाहन मालिक को बुलाकर कथित रूप से पैसों के लेन-देन के बाद वाहन छोड़ दिया गया।

एसोसिएशन का दावा है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। आवेदन के साथ फोटो और वीडियो भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व में भी कुछ नजदीकी ट्रैक्टर मालिकों से पैसे लेकर अवैध बालू वाहनों को छोड़ा जाता रहा है।

एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ खास ट्रैक्टर मालिकों की गाड़ियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि अन्य वाहन मालिकों के खिलाफ सख्ती बरती जाती है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो एसोसिएशन न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। वहीं, जिला खनन निरीक्षक शुभम दत्ता ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।