रांची में युवती से छेड़खानी मामले में सेना जवान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई को शाम करीब 4 बजे करम टोली निवासी 23 वर्षीय युवती (नाम परिवर्तित ऋतिका) ने लालपुर थाना में आवेदन देकर एक युवक पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया तथा संबंधित वीडियो को जब्त किया। इसके आधार पर लालपुर थाना कांड संख्या 101/26 दिनांक 22.05.2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75, 76, 78, 137(2) एवं 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विनय, जयप्रकाश का पुत्र है और मूल रूप से तेलंगा, थाना खड़क, जिला भिवानी (हरियाणा) का निवासी बताया गया है। वर्तमान में वह यूनिट-1 बटालियन राजपुताना रायफल, नामकुम रांची में रह रहा था।
लालपुर थाना पुलिस ने आरोपी को 22 मई को ही न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। साथ ही मामले की जानकारी यूनिट-1 बटालियन राजपुताना रायफल, नामकुम रांची के कमांडिंग ऑफिसर को भी दे दी गई है।















