गुरुजी के निधन के बाद अंजलि सोरेन को राज्यसभा भेजने की मांग तेज, उड़ीसा से पहुंचे झामुमो कार्यकर्ता

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और ‘गुरुजी’ के नाम से प्रसिद्ध Shibu Soren के निधन के बाद पार्टी संगठन में भावनात्मक माहौल बना हुआ है। इसी बीच उड़ीसा इकाई की ओर से झामुमो की केंद्रीय नेत्री Anjali Soren को राज्यसभा भेजने की मांग तेज हो गई है।
इस मांग को लेकर उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले से झामुमो के दर्जनों कार्यकर्ता शुक्रवार को रांची स्थित कांके रोड में मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व से अंजलि सोरेन को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने की अपील की। उनका कहना था कि गुरुजी के लंबे राजनीतिक संघर्ष और आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान को आगे बढ़ाने में अंजलि सोरेन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंजलि सोरेन लगातार संगठन और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। ऐसे में उन्हें राज्यसभा भेजा जाना गुरुजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उड़ीसा इकाई के नेताओं ने यह भी कहा कि झारखंड और उड़ीसा के आदिवासी क्षेत्रों में झामुमो का जनाधार लगातार बढ़ रहा है और अंजलि सोरेन को मौका मिलने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री आवास पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी नेतृत्व को अपनी भावनाओं से अवगत कराया और जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गुरुजी अमर रहें और झामुमो जिंदाबाद के नारे भी लगाए।

















