अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सन्नी ढाबा से 08 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, संचालक गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के जलडेगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांगुटोली स्थित सन्नी ढाबा से 08 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में ढाबा संचालक सतीश साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सिमडेगा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गांगुटोली स्थित सन्नी ढाबा में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद जलडेगा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान ढाबे से कुल 136 बोतल शराब बरामद की गई। इनमें 88 बोतल बियर और 48 बोतल अंग्रेजी शराब शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 08 पेटी बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से सभी शराब जब्त कर ली और अवैध शराब भंडारण एवं बिक्री के आरोप में ढाबा संचालक सतीश साहू को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध शराब कारोबार की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।
















