जमशेदपुर: JMM ने बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं को किया प्रशिक्षित, SIR प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को किया आगाह
नीरज तिवारी / जमशेदपुर
जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM ) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा आज सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में एक महत्वपूर्ण ‘बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता प्रशिक्षण शिविर’ का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बिनोद कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
JMM ने मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जताई चिंता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिनोद कुमार पाण्डेय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के तहत जानबूझकर सजग मतदाताओं के नाम सूची से हटाकर उन्हें लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार और बंगाल में भी इसी तरह की प्रक्रियाओं के कारण कई नागरिक सरकारी सुविधाओं से वंचित हो गए हैं।
बूथ अभिकर्ता पार्टी की मुख्य कड़ी: विनोद पांडेय
विनोद पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस SIR प्रक्रिया को एक ‘आंदोलन’ के रूप में लें। उन्होंने कहा, *”पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री हेमन्त सोरेन के निर्देशानुसार, बूथ स्तरीय मतदान अभिकर्ता अब पार्टी की सबसे मजबूत और प्रमुख कड़ी होंगे। अब केंद्रीय नेतृत्व सीधे इन अभिकर्ताओं के संपर्क में रहेगा और न केवल चुनाव, बल्कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी उनसे लिया जाएगा।
प्रशिक्षण और तकनीक पर जोर
कार्यक्रम के दौरान एक तकनीकी विशेषज्ञ टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं को SIR प्रक्रिया की बारीकियों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया। कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई गई कि वे अपने-अपने बूथों पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे।
दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में झामुमो के कई कद्दावर नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
विधायक: सविता महतो (ईचागढ़), मंगल कालिंदी (जुगसलाई), संजीव सरदार (पोटका), और सोमेश चंद्र सोरेन (घाटशिला)।
वरिष्ठ नेता: पूर्व सांसद सुमन महतो, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी व लक्ष्मण टुडू, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदयातुल्लाह खान, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी, जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू आदि।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला सचिव रतन महतो ने किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और नगर शाखाओं के अध्यक्ष, सचिव और बूथ स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
इसे भी पढ़े :
डिमना लेक की बदहाली: पर्यटन हब बनने की राह में सुरक्षा और स्वच्छता सबसे बड़ी बाधा
सुबर्णरेखा नदी प्रदूषण पर NGT सख्त: जांच के लिए बनी संयुक्त समिति, जानें क्या है पूरा मामला
सुबर्णरेखा नदी प्रदूषण पर NGT सख्त: जांच के लिए बनी संयुक्त समिति, जानें क्या है पूरा मामला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारियां तेज, जिम्मेदारियों का हुआ बंटवारा

















