धनबाद: सुदामडीह में अवैध बालू तस्करी जोरों पर, अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ ने प्रशासन से लगाई गुहार
धनबाद: कोयलांचल धनबाद के सुदामडीह क्षेत्र से इन दिनों अवैध बालू तस्करी की खबरें लगातार सुर्खियों में हैं। मोहलाबानी स्थित दामोदर नदी घाट से हो रहे बड़े पैमाने पर बालू के अवैध खनन को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने मोर्चा खोल दिया है।
सोशल मीडिया पर सरकार और प्रशासन को जगाया
रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा है। उन्होंने अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड पुलिस, धनबाद उपायुक्त (DC) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी टैग किया है।
सरकार के आदेशों का मजाक उड़ा रहे माफिया”
अपनी शिकायत में रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा खनिज संपदा के संरक्षण हेतु कड़े निर्देश दिए गए हैं, लेकिन सुदामडीह में इन आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा:
“बालू माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े दामोदर नदी से बालू का अवैध उठाव कर रहे हैं। इससे न केवल सरकारी खजाने को नुकसान हो रहा है, बल्कि सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।”
रत्नेश कुमार ने धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं, लेकिन बालू माफिया अपनी हरकतों से प्रशासन की कार्यकुशलता पर सवालिया निशान खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं।
अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ ने जिला प्रशासन से निम्नलिखित मांगों पर त्वरित कार्रवाई की अपील की है:
मोहलाबानी घाट पर अवैध उत्खनन को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
बालू तस्करी में लिप्त माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई हो।
क्षेत्र में खनिज संपदा और कानून-व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस डिजिटल शिकायत पर क्या ठोस कदम उठाता है।
इसे भी पढ़े :
प्रिंस खान व्यपारियो के लिए खौफ : अब मेन रोड के कारोबारी से मांगी 10 करोड़ की फिरौती
राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन दोनों सीटें जीतेगा, भाजपा धनबल का खेल करना चाहती है : कैलाश यादव
घाटशिला: सूरदा माइंस में श्रमिकों का असंतोष, आर.के. इंटरप्राइजेज पर लगा अधिकारों की अनदेखी का आरोप

















