राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन दोनों सीटें जीतेगा, भाजपा धनबल का खेल करना चाहती है : कैलाश यादव

रांची: झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता कैलाश यादव ने दावा किया है कि आगामी राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एक निर्दलीय उम्मीदवार को प्रायोजित कर चुनाव में धनबल के सहारे राजनीति करने की कोशिश की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शनिवार को जारी बयान में कैलाश यादव ने कहा कि महागठबंधन के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए आवश्यक संख्या बल मौजूद है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के 56 विधायक एकजुट हैं और चार निर्दलीय विधायक भी महागठबंधन की विचारधारा के पक्ष में खड़े हैं। ऐसे में दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के पास अपने उम्मीदवार को जिताने लायक पर्याप्त संख्या बल नहीं है। इसके बावजूद तीसरे उम्मीदवार को मैदान में उतारकर भाजपा क्रॉस वोटिंग कराने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक राजनीति करार दिया।
कैलाश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार धनबल के माध्यम से राज्यसभा चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है और झारखंड को बदनाम करने की साजिश कर रही है। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शासन-प्रशासन पूरी तरह सतर्क और चुस्त-दुरुस्त है। यदि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि या धनबल का इस्तेमाल करने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। राजद ने दावा किया है कि महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा चुनाव में उसकी जीत तय है।
















