जमशेदपुर: बिष्टुपुर में बुजुर्ग ने की ईहलीला समाप्त करने कोशिश, स्थानीय युवक की सतर्कता से बची जान
नीरज तिवारी
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार को एक व्यक्ति ने ईहलीला समाप्त करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों और एक युवक की तत्परता के कारण बुजुर्ग की जान बचा ली गई। फिलहाल उन्हें गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान धातकीडीह तालाब के पास पहुंचे थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया। तालाब के पास काम करने वाले मो. इस्लाम ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग को बुझाया और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और किन परिस्थितियों में बुजुर्ग ने यह कदम उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है।

















