गुमला में पशुओं से लदा पिकअप पलटा, 3 मवेशियों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल

गुमला : जिले के चैनपुर अनुमंडल अंतर्गत रायडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोयनार टोली के समीप पशुओं से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया और दो बार पलट गया। हादसे में वाहन में ठूंस-ठूंसकर लादे गए तीन पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन चैनपुर की ओर से तेज गति से आ रहा था। कोयनार टोली के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप दो बार पलट गया।
घटना के बाद चालक और वाहन में सवार अन्य लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। दुर्घटना के कारण वाहन में सवार पशुओं को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में तीन पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच पशु गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृत एवं घायल पशुओं को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक व वाहन में सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला पशु तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
















