व्यापार विस्तार और नई संभावनाओं पर होगा बिजनेस कॉन्क्लेव, एआई और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बिजनेस एक्सपेंशन एंड न्यू ऑपर्चुनिटी उप समिति की बैठक शुक्रवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई। बैठक में वर्तमान व्यावसायिक परिवेश में व्यापार विस्तार, नई संभावनाओं की पहचान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कहा गया कि बदलते कारोबारी माहौल में व्यापारियों को पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर एआई आधारित टूल्स, डिजिटल ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल मार्केटिंग और आधुनिक बिजनेस मैनेजमेंट सिस्टम को अपनाना चाहिए। इससे व्यवसाय की कार्यक्षमता बढ़ाने, लागत कम करने, ग्राहकों तक बेहतर पहुंच बनाने और कारोबार के टर्नओवर में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।
सदस्यों ने सफल बिजनेस मॉडल से सीख लेकर नवाचार को बढ़ावा देने तथा नई तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही व्यापारियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ट्रेड फेयर, बिजनेस एक्सपो और औद्योगिक प्रदर्शनियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई, ताकि उन्हें नई तकनीकों, बाजार की मांग और व्यापार विस्तार के अवसरों की जानकारी मिल सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि उप समिति की ओर से जल्द ही रांची में बड़े पैमाने पर एक बिजनेस कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव में उद्योग जगत के विशेषज्ञों, सफल उद्यमियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर व्यापार विस्तार, निवेश, नवाचार और नई व्यावसायिक संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
उप समिति के चेयरमैन मनीष सराफ ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पारंपरिक तरीके से व्यापार करना पर्याप्त नहीं है। व्यापारियों को नई तकनीकों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधुनिक बिजनेस मॉडल के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बिजनेस कॉन्क्लेव व्यापारियों को नेटवर्किंग, अनुभव साझा करने और नए अवसरों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा, जिससे झारखंड के व्यापार और उद्योग को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, उप समिति के चेयरमैन मनीष सराफ, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल और तुलसी पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
















