राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस के आरोपों पर माले का पलटवार, कहा- दोनों विधायकों ने प्रणव झा को दिया था वोट

रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा की हार के बाद सहयोगी दलों पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच भाकपा (माले) ने कांग्रेस नेताओं के दावों को पूरी तरह निराधार बताया है। गुरुवार को माले प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनके दोनों विधायकों ने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार प्रणव झा के पक्ष में मतदान किया था।
माले नेताओं ने कहा कि मतदान के दौरान पार्टी के अधिकृत एजेंट मौजूद थे और उन्होंने स्वयं अपने विधायकों का वोट देखा था। उन्होंने दावा किया कि मतदान के बाद एजेंट को भी इसका प्रमाण दिखाया गया था, इसलिए यह कहना कि माले ने गठबंधन उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया, तथ्यहीन है।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने कांग्रेस पर हार की जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद हार के कारणों को छिपाने के लिए नई-नई कहानियां गढ़ी जा रही हैं और सहयोगी दलों को निशाना बनाया जा रहा है।
माले नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने भीतर झांकना चाहिए। उनके अनुसार पार्टी के अंदर नेतृत्व और पदों को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है, जिसका असर चुनावी रणनीति और परिणाम पर पड़ा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार की हार के लिए सहयोगी दलों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
माले ने कांग्रेस नेताओं, विशेषकर के. राजू द्वारा लगाए गए आरोपों को चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास यह प्रमाण है कि माले विधायकों ने गठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं किया, तो उसे सार्वजनिक किया जाए। पार्टी नेताओं ने दोहराया कि उनके दोनों विधायकों ने पूरी निष्ठा के साथ इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार का समर्थन किया था।
















