RPF Ranchi nabs railway ticket tout under Operation "Upalabdh"

ऑपरेशन “उपलब्ध” के तहत आरपीएफ रांची ने रेलवे टिकट दलाल को दबोचा

Share
Link copied
RPF Ranchi nabs railway ticket tout under Operation "Upalabdh"
RPF Ranchi nabs railway ticket tout under Operation “Upalabdh”

रांची : रेलवे यात्रियों को सुगम और पारदर्शी टिकट सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान “उपलब्ध” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने अवैध रेलवे टिकट दलाली में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तत्काल रेलवे टिकट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 21 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट रांची के प्रभारी के निर्देश पर उपनिरीक्षक रंजीत कुमार और उनकी टीम ने रांची रेलवे स्टेशन स्थित पीआरएस बुकिंग काउंटर पर विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को तत्काल टिकट खरीदते हुए पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने पहले स्वयं को रक्षाकर्मी बताया, लेकिन कोई वैध पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। बाद में उसकी पहचान कृष्ण कुमार (26 वर्ष), पिता महेश साव, निवासी विद्यानगर, थाना सुखदेवनगर, रांची के रूप में हुई। आरपीएफ की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जरूरतमंद यात्रियों को अतिरिक्त धनराशि लेकर तत्काल टिकट उपलब्ध कराता था। उसके कब्जे से ट्रेन संख्या 18309 में रांची से जम्मूतवी तक का तत्काल टिकट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

जांच के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह वास्तविक किराये के अतिरिक्त 200 रुपये और एक शराब की बोतल लेकर टिकट उपलब्ध कराने का सौदा करता था। मामले में एक अन्य व्यक्ति शंकर कुमार साहू ने भी बयान देकर बताया कि आरोपी ने उससे अतिरिक्त राशि लेकर तत्काल टिकट दिलाने की पेशकश की थी। इससे आरोपी की टिकट दलाली में संलिप्तता की पुष्टि हुई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरपीएफ ने कृष्ण कुमार को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।