सिमडेगा में बीपीओ 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

शंभू कुमार सिंह
रांची/सिमडेगा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए बीपीओ (ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर) अनिल खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बीआरसीसी कार्यालय, केरसई में पदस्थापित था।
एसीबी के अनुसार, केरसई थाना क्षेत्र के टैंरोर नवाटोली निवासी रंजीत खाखा ने ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना के तहत अंडा एवं फलाहार मद की राशि के उपयोग से संबंधित प्रतिवेदन जमा करने के दौरान बीपीओ अनिल खलखो ने शेष बची राशि के मामले में कार्रवाई नहीं करने के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
परिवादी द्वारा राशि कम करने का आग्रह करने पर आरोपी 8 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। शिकायतकर्ता रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से शिकायत की। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी थाना रांची में कांड संख्या 42/2026 दर्ज करते हुए भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत एसीबी की टीम ने बुधवार (24 जून 2026) को केरसई स्थित बीआरसीसी कार्यालय में जाल बिछाया और आरोपी अनिल खलखो को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को एसीबी टीम अपने साथ लेकर गई है। ब्यूरो ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















