झारखंड राज्यसभा चुनाव: हार के बाद प्रणव झा का छलका दर्द, बोले- ‘सब जानते हैं किसने नहीं दिया वोट

अभिनव सिंह
रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन के अधिकृत प्रत्याशी रहे प्रणव झा ने अपनी हार के बाद खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने संकेतों में गठबंधन के भीतर हुई क्रॉस वोटिंग पर सवाल उठाते हुए कहा है कि ‘किसने वोट नहीं दिया, यह बात किसी से छिपी नहीं है।’
‘यह केवल मेरी हार नहीं, रणनीति पर सवाल’
प्रणव झा ने स्पष्ट किया कि वे केवल एक व्यक्ति के उम्मीदवार नहीं थे, बल्कि पूरे महागठबंधन का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उन्होंने कहा, “यह हार सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि महागठबंधन की रणनीति और एकता की विफलता को दर्शाती है। जिन लोगों ने पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर मतदान किया, जनता आने वाले समय में उनका आकलन जरूर करेगी।”
‘विधायकों की मंडी’ बन गया है झारखंड
प्रणव झा ने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक बार फिर झारखंड को ‘विधायकों की मंडी’ के रूप में चर्चा में ला दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों को जनता ने राज्य के विकास के लिए चुना था, यदि उनका वोट इस तरह से प्रभावित होता है, तो यह राज्य की राजनीति के लिए बिल्कुल भी शुभ संकेत नहीं है।
हेमंत सोरेन से समीक्षा की उम्मीद
अपनी हार के कारणों पर बात करते हुए प्रणव झा ने कहा कि उन्हें महागठबंधन के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का पूरा सहयोग मिला, लेकिन कहीं न कहीं बड़ी चूक हुई है। उन्होंने पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर छोड़ते हुए कहा:
“मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महागठबंधन के नेता हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह इस पूरे प्रकरण की गंभीर समीक्षा करेंगे और जांच कराएंगे।”
“कहां और कैसे वोट टूटे, इसका पता लगाना जरूरी है। इसके बाद आगे क्या कार्रवाई करनी है, यह निर्णय मुख्यमंत्री का अधिकार है।”
हालांकि, हार के बावजूद प्रणव झा ने संयम बरतते हुए कहा कि वे निराश नहीं हैं। उन्होंने जोर दिया कि इस पूरे घटनाक्रम की गहन समीक्षा होनी चाहिए ताकि भविष्य में महागठबंधन के सामने ऐसी स्थिति दोबारा न आए और पार्टी की एकजुटता बनी रहे।
Also Read :
वेनेजुएला में भूकंप के दो बड़े झटके, सूनामी का अलर्ट; कई इमारतें ढहीं, लोगों में दहशत
कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरी, 5 मजदूरों की मौत; राहत-बचाव में सेना भी तैनात
















