वेनेजुएला में भूकंप के दो बड़े झटके, सूनामी का अलर्ट; कई इमारतें ढहीं, लोगों में दहशत

वेनेजुएला: दक्षिण अमेरिका के तटीय देश वेनेजुएला में बुधवार शाम (भारतीय समयानुसार गुरुवार तड़के) आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, कुछ ही सेकंड के अंतराल पर 7.1 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप दर्ज किए गए, जिससे राजधानी काराकस समेत कई शहरों में जोरदार झटके महसूस किए गए।
भूकंप के बाद कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने और कुछ के ढहने की खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग दहशत में घरों, दफ्तरों और ऊंची इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर जमा होते दिखाई दे रहे हैं। राजधानी काराकस और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भूकंप का केंद्र वेनेजुएला के उत्तरी तटीय क्षेत्र के पास बताया गया है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दोनों झटकों के बीच महज 39 सेकंड का अंतर था, जिसे विशेषज्ञों ने “डबलट भूकंप” की श्रेणी में रखा है।
सूनामी का खतरा, जारी हुआ अलर्ट
भूकंप के बाद कैरेबियाई क्षेत्र के कई हिस्सों के लिए सूनामी चेतावनी और अलर्ट जारी किया गया। वेनेजुएला के तटीय इलाकों के अलावा प्यूर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड्स तथा अरूबा, कुरासाओ और बोनायर जैसे द्वीपों के लिए भी समुद्र में खतरनाक लहरों की आशंका जताई गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
वेनेजुएला सरकार ने आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय कर दिया है। कई प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव दलों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और संभावित आफ्टरशॉक्स को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
जनहानि की आशंका
हालांकि समाचार लिखे जाने तक हताहतों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की गई थी, लेकिन अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बड़े पैमाने पर नुकसान और जनहानि की आशंका जताई है। कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं भी प्रभावित होने की खबर है। भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स की आशंका बनी हुई है, जिससे स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

















