सिमडेगा सदर अस्पताल के फार्मेसी कर्मी शिवकुमार सिंह को भावभीनी विदाई

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: सदर अस्पताल सिमडेगा के फार्मेसी विभाग में कार्यरत शिवकुमार सिंह मंगलवार को 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में आयोजित एक सादे लेकिन भावनात्मक समारोह में उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
समारोह में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. शीलवन्त एक्का ने शिवकुमार सिंह को माला पहनाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अस्पताल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। मरीजों के प्रति उनका व्यवहार तथा सहकर्मियों के साथ उनका सहयोगात्मक रवैया हमेशा प्रेरणादायी रहा।
सम्मान से अभिभूत शिवकुमार सिंह विदाई समारोह के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने सभी सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और कहा कि सदर अस्पताल में बिताए गए वर्षों की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
कार्यक्रम के उपरांत शिवकुमार सिंह अपने पैतृक गांव, बिहार के लिए रवाना हो गए। विदाई समारोह में आलोक कुमार, प्रवीण कुमार, अरुण कुमार, नौरंगी सहित सदर अस्पताल के कई कर्मचारी मौजूद रहे।

















