Education is society's greatest strength; any goal can be achieved through hard work and discipline: DC Kanchan Singh.

शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत, मेहनत और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है: डीसी कंचन सिंह

Share
Link copied
Education is society's greatest strength; any goal can be achieved through hard work and discipline: DC Kanchan Singh.
Education is society’s greatest strength; any goal can be achieved through hard work and discipline: DC Kanchan Singh.

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा: सेंट्रल अंजुमन इस्लामिया द्वारा शहर के जमजम मैरिज हॉल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 64 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि सम्मानित छात्र-छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। डीसी ने कुरआन की आयत का उल्लेख करते हुए कहा कि इस्लाम में भी इल्म हासिल करने पर विशेष बल दिया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की ने कहा कि प्रतिभा का सम्मान समाज को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। सदर अंचलाधिकारी इम्तियाज अहमद ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी बनेंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज से शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक आगे बढ़ने की अपील की।

कार्यपालक दंडाधिकारी आमिर हमजा ने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा से तैयारी करने की सलाह दी। वहीं वरीय अधिवक्ता शमीम अख्तर ने शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन पर जोर देते हुए युवाओं से नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई और ज्ञानवर्धन के लिए करने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत में सेंट्रल अंजुमन इस्लामिया के सदर मो. गयास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना और नई पीढ़ी को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के जिले के टॉप-3 विद्यार्थियों के अलावा मुस्लिम समाज के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने सीबीएसई बोर्ड में 75 प्रतिशत या उससे अधिक तथा जैक बोर्ड में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। कुल 64 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए पीएम श्री उर्दू हाई स्कूल, खैरनटोली को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि शमी आलम, शकील अहमद, झामुमो जिला सचिव शफीक खान, अख्तर खान, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मोतीलाल अग्रवाल, सचिव दीपक रिंकू, मारवाड़ी युवा मंच के सचिव सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।