जमशेदपुर में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल, एहतेशाम वकारिब बने नए SSP, मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला SP की जिम्मेदारी

रांची/जमशेदपुर: झारखंड सरकार ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस नेतृत्व में अहम बदलाव किया है। हाल के दिनों में जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच सरकार ने आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) का नया वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया है। वहीं मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद किया गया है। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस महकमे में बदलाव का फैसला लिया। सरकार ने इससे पहले तत्कालीन जमशेदपुर SSP पीयूष पांडे और सरायकेला-खरसावां SP निधि द्विवेदी को उनके पद से हटाते हुए पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था। दोनों अधिकारियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कथित लापरवाही के आरोप लगाए गए थे।
सरकार को उम्मीद है कि नए अधिकारियों की तैनाती से दोनों जिलों में पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा। वहीं नए पुलिस नेतृत्व के सामने अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों की प्रभावी जांच और जनता का विश्वास कायम रखना प्रमुख चुनौती होगी।

















