यूनाइटेड किंगडम एक्सपोजर दौरे पर रवाना हुई भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम, सिमडेगा की निशा मिंज को मिला मौका

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम 5 से 14 जुलाई 2026 तक होने वाले यूनाइटेड किंगडम एक्सपोजर दौरे के लिए बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हो गई है। 24 सदस्यीय टीम में झारखंड के सिमडेगा जिले की होनहार खिलाड़ी निशा मिंज को भी शामिल किया गया है।
निशा मिंज भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में फॉरवर्ड की भूमिका निभाती हैं। वह सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड के किनकेल गांव की रहने वाली हैं। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है।
निशा के पिता का निधन हो चुका है। उनकी माता सुचिता मिंज हाट-बाजारों में दाल, चावल और सब्जियों की खरीद-बिक्री कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद निशा ने हॉकी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम नए मुख्य कोच टिम व्हाइट के नेतृत्व में इस दौरे पर सात मैच खेलेगी। यह दौरा आगामी जूनियर एशिया कप समेत अन्य महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
दौरे की शुरुआत स्कॉटलैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम के खिलाफ दो मैचों से होगी। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के लिलेशल नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में संयुक्त राज्य अमेरिका, इंग्लैंड और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।
सिमडेगा की बेटी निशा मिंज के भारतीय टीम में चयन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उनके सफल प्रदर्शन की कामना करते हुए इसे जिले और राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया है।

















