रांची रथ मेला: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी-ड्रोन से होगी निगरानी

रांची: धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित होने वाले रथ मेला के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रविवार को नीलाद्री हॉल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीजी मनोज कौशिक ने की। इस दौरान एसएसपी राकेश रंजन समेत पुलिस, प्रशासन और मेला समिति के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मेले की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, वन-वे रूट व्यवस्था, अलग-अलग पार्किंग स्थल और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यापक योजना तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। मेला परिसर में अस्थायी मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मंदिर समिति के सदस्यों के लिए एक जैसी पगड़ी या अन्य पहचान चिह्न धारण करना अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया। साथ ही उन्हें तीन से चार सदस्यीय समूहों में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक के अंत में वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और रथ मेला के दौरान सुरक्षा, यातायात तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

















