हजारीबाग में मोटरसाइकिल लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को कटकमसांडी थाना में मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
मानव सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 5-6 घंटे के भीतर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्प्लेंडर प्लस (HR-200) मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त सिल्वर-ब्लैक रंग की दूसरी मोटरसाइकिल तथा एक चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनाश कुमार (20 वर्ष) और आलोक कुमार गुप्ता (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और एक आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, कटकमसांडी थाना में दर्ज कांड संख्या 107/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

















