मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों की शिष्टाचार मुलाकात, निवेश और विकास पर हुई चर्चा

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 2010 बैच के अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम और सुशील प्रसाद ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास, निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में झारखंड सरकार की प्रमुख विकासात्मक योजनाओं, राज्य में निवेश बढ़ाने की संभावनाओं तथा आर्थिक विकास के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकासात्मक लक्ष्यों को गति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों की अहम भूमिका पर जोर दिया।
चर्चा के दौरान Migration and Mobility Partnership, वन्यजीव पर्यटन की संभावनाएं, कौशल विकास एवं शिक्षा क्षेत्र में सहयोग तथा भारतीय प्रवासी समुदाय की सहभागिता जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके अलावा झारखंड की शासन व्यवस्था और राज्य की विकास यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विचार साझा किए गए। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मोहम्मद शाहिद आलम वर्तमान में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में कार्यरत हैं, जबकि सुशील प्रसाद नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थापित हैं। दोनों अधिकारी इन दिनों मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (Mid-Career Training Programme) के तहत झारखंड दौरे पर हैं।
















