14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित अनियमितता के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन, JPSC कार्यालय के बाहर बनाई मानव श्रृंखला

रांची: 14वीं जेपीएससी (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मंगलवार को जेपीएससी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर आयोग के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जेपीएससी छात्रों के साथ अन्याय कर रही है और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के कारण अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि जेपीएससी द्वारा छात्रों को लगातार गुमराह किया जा रहा है और उनकी मेहनत के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों के हित में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

















