17 किमी पैदल चलने वाली छात्राओं की खबर गलत, जांच में हुआ खुलासा : जिला शिक्षा अधीक्षक

सिमडेगा: ठेठईटांगर प्रखंड मुख्यालय में आयोजित सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के बाद छात्राओं के 17 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल लौटने संबंधी प्रकाशित खबर को जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) सिमडेगा ने जांच के बाद गलत बताया है।
डीएसई कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 28 जून 2026 को प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए मामले की कई स्तरों पर विस्तृत जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सभी छात्राएं विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए ऑटो से प्रतिनियुक्त शिक्षक दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंची थीं।

विज्ञप्ति के अनुसार, प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद छात्राएं उसी ऑटो से विद्यालय लौट रही थीं। रास्ते में ऑटो खराब हो जाने के कारण उन्हें वाहन से उतरना पड़ा। इसके बाद पीछे से अपनी मोटरसाइकिल से आ रहे विद्यालय के खेल शिक्षक दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने तत्काल दूसरे ऑटो की व्यवस्था कर छात्राओं को सुरक्षित विद्यालय पहुंचाया।
जिला शिक्षा अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं के 17 किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय लौटने संबंधी प्रकाशित समाचार जांच में असत्य पाया गया है।
















