खूंटी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से तीन की मौत, एक युवक रिम्स में भर्ती

खूंटी: खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, हादसा कोरवा-सिंदरी ग्रामीण सड़क पर डोरेया साप्ताहिक हाट के पास जेनाडीह स्थित फुटकल पेड़ के समीप हुआ। साप्ताहिक हाट से साइकिल पर अपने घर लौट रहे 47 वर्षीय ग्रामीण को पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल तमाड़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में दो युवकों ने दम तोड़ दिया।

एक अन्य घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स, रांची रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अड़की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
एक ही सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से डोरेया बाजार, मानकीडीह और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।
















