रांची सहित पूरे झारखंड में आज बादल छाए रहेंगे, कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना

रांची : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार झारखंड में मानसून सक्रिय बना रहेगा। पूरे राज्य में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज वर्षा, गरज-चमक और वज्रपात का खतरा बना हुआ है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राजधानी रांची की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22-23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

झारखंड के अन्य इलाकों की बात करें तो IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकांश स्थानों पर सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश या थंडरशॉवर अधिकांश जगहों पर हो सकती है। दक्षिणी, मध्य और कुछ उत्तर-पश्चिमी हिस्सों (रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, लातेहार आदि) में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट कई जिलों के लिए जारी है। इनमें रांची, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, खूंटी और सिमडेगा शामिल हैं। अन्य जिलों में तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि बारिश वाले क्षेत्रों में पारा सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहेगा।
















