रांची में डेंगू पर अलर्ट: स्वास्थ्य विभाग का घर-घर सर्वे, नागरिकों से बरतने को कहा एहतियात

रांची: राजधानी रांची में डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी अभियान को और तेज कर दिया है। सोमवार को शहर के विभिन्न वार्डों में स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य संबंधी सर्वे किया और बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। साथ ही डेंगू के संभावित मामलों की पहचान भी की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शहर के अलग-अलग सात वार्डों में प्रतिदिन यह सर्विलांस अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का समय रहते पता लगाना और उनके प्रसार को रोकना है।

अभियान के दौरान टीम ने घरों और आसपास मौजूद कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों तथा अन्य जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया। लोगों को सलाह दी गई कि सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाएं, घर और आसपास सफाई रखें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना खत्म हो सके।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें, तो बिना देरी किए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से पूरे बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और मच्छरों से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाने की अपील भी की।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी, जागरूकता और सर्वे अभियान जारी रहेगा। विभाग का मानना है कि प्रशासन और आम जनता के संयुक्त प्रयास से ही रांची को डेंगू मुक्त बनाया जा सकता है।
















