श्रावणी मेला 2026: देवघर में सुरक्षा और सुविधाओं का डीसी-एसपी ने लिया जायजा, तैयारियों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर प्रांगण समेत पूरे मेला क्षेत्र और विभिन्न रूटलाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खिजुरिया, रांगा मोड़, दर्शनिया मोड़, शिवगंगा, नेहरू पार्क, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज तथा बरमसिया-नंदन पहाड़ रूटलाइन का भ्रमण किया। इस दौरान कांवरियों के पैदल मार्ग, साफ-सफाई, शौचालयों की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्ट्रीट लाइट और होल्डिंग प्वाइंट्स का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी सेवा भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भीड़ प्रबंधन और रूटलाइन पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी की टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
















