गुमला: पुलिस बीट चौकी तोड़े जाने का विरोध, भाजपा ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

निर्मल सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुमला के शहीद टावर चौक स्थित पुलिस बीट चौकी को तोड़े जाने के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव के विधायक निधि से निर्मित इस पुलिस बीट चौकी को हटाए जाने का स्थानीय लोगों और भाजपा नेताओं ने विरोध किया है। बुधवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चौकी को यथावत रखने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह पुलिस बीट चौकी शहर की कानून-व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी का महत्वपूर्ण केंद्र रही है, जहां पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी करते थे। ऐसे में इसे बिना स्पष्ट जानकारी और वैकल्पिक व्यवस्था के हटाना जनहित के खिलाफ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बीट चौकी को अचानक तोड़ दिया गया, लेकिन इसे किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से हटाया गया, इसकी जानकारी न तो नगर प्रशासन के पास है और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, उक्त स्थल पर झारखंड के जननायक स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि वे स्वर्गीय शिबू सोरेन का सम्मान करते हैं और उनकी प्रतिमा लगाने का विरोध नहीं करते, लेकिन इसके लिए किसी सम्मानजनक वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि टावर चौक पर पहले से शहीद स्मारक मौजूद है और बिना समुचित योजना के प्रतिमा स्थापना से उसकी गरिमा प्रभावित हो सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। डीसी को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव, महामंत्री संदीप प्रसाद, कोषाध्यक्ष निर्मल गोयल, नगर मंडल अध्यक्ष बबलू वर्मा, राजेश सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।















