भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में भाजपा का डीसी कार्यालय पर प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नीरज तिवारी
जमशेदपुर: झारखंड की विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, धांधली और अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के नेतृत्व में जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और अभ्यर्थी प्रदर्शन में शामिल हुए तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
ईडी की जांच में जीएसटी चोरी का नया एंगल, ‘कागजी कोयला’ खरीदकर धनबाद में चल रहा था बड़ा खेल!
प्रदर्शन की शुरुआत साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से हुई। यहां से कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए डीसी कार्यालय तक रैली निकाली। डीसी कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के मुख्य द्वार पर भी चढ़ गए, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। डीसी कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रही।
प्रदर्शन के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की गई।

भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो ने कहा कि राज्य के लाखों युवा वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन यदि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं तो युवाओं का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में विफल रही है, जिसका खामियाजा बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, जिला महामंत्री बबुआ सिंह, पूर्व सांसद आभा महतो सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















