सावन में सिमडेगा में गूंज रही श्रीराम कथा, 25 अगस्त तक चलेगा भव्य आयोजन

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: पवित्र सावन माह के अवसर पर सिमडेगा शहर के कुंज नगर मंदिर परिसर में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। सावन की पहली सोमवारी से शुरू हुई यह कथा प्रतिदिन शाम 7:30 बजे आयोजित की जा रही है, जो 25 अगस्त तक चलेगी। आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है।

राज्य के प्रसिद्ध रामकथावाचक इंद्रशेखर झा अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन मूल्यों और भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है।

कुंज नगर के पूर्व वार्ड सदस्य रामजी यादव ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, प्रकाश, ध्वनि और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव को श्रीराम कथा अत्यंत प्रिय है और सावन माह में इसका आयोजन विशेष महत्व रखता है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।

आयोजकों के अनुसार, कथावाचक इंद्रशेखर झा पिछले करीब 40 वर्षों से झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में श्रीराम कथा का वाचन कर रहे हैं। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। आयोजन समिति को विश्वास है कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।





















