आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, मोरहाबादी मैदान में दंडाधिकारी-पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग

रांची: मोरहाबादी मैदान में 9 और 10 अगस्त को आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शनिवार को मोरहाबादी मैदान में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित ब्रीफिंग की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने की। इस दौरान सभी संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को उनकी निर्धारित ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

ब्रीफिंग में अधिकारियों को महोत्सव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और आगंतुकों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है।


सभी पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र की जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन करने के साथ किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन का लक्ष्य आदिवासी महोत्सव-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तत्परता और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।


















