Abvp Protest : विधानसभा घेराव से पहले ABVP कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई, पुलिस ने बसों में बैठाकर हटाया

Abvp Protest : JPSC-JSSC नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर छात्रों के आंदोलन और पूर्व में हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को विधानसभा घेराव करने पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं पर प्रशासन ने कार्रवाई की। धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा के समीप प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर बसों में बैठाना शुरू कर दिया।

ABVP कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने के प्रयास के बाद मौके पर पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया। इस दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

पुरानी विधानसभा के पास बढ़ा तनाव
विधानसभा घेराव के लिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता रांची पहुंचे थे। पुरानी विधानसभा के आसपास प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड के आगे जाने से रोकने की कोशिश की। वहीं, प्रदर्शनकारी विधानसभा की तरफ जाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर लगाया गया। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

बसों में बैठाकर प्रदर्शनकारियों को हटाया गया
लगातार बढ़ते तनाव के बीच प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं को एक-एक कर बसों में बैठाया और उन्हें प्रदर्शन स्थल से ले जाया गया।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद पुरानी विधानसभा परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती के बीच स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

लाठीचार्ज के विरोध में था विधानसभा घेराव
ABVP ने छात्रों पर हुई पूर्व पुलिस कार्रवाई के विरोध में विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। संगठन का आरोप है कि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके खिलाफ पुलिस ने बल प्रयोग किया। इसी के विरोध में मंगलवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा गया था।
फिलहाल पुरानी विधानसभा के आसपास पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी बढ़ी हुई है तथा प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बनाए रखा गया है।























