स्वतंत्रता दिवस पर नवीन पुलिस लाइन में हुआ झंडोत्तोलन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रांची की नवीन पुलिस लाइन में शनिवार को विशेष समारोह का आयोजन किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजुनाथ भजन्त्री भी समारोह में शामिल हुए।
झंडोत्तोलन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से देश और समाज की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक रांची पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक), अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची श्री कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण तथा अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजुनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक श्री पारस राणा तथा अन्य अधिकारियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

अधिकारियों ने सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यकुशलता, समर्पण और जिम्मेदारी पुलिस विभाग के अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक है। समारोह के दौरान स्वतंत्रता दिवस की भावना के अनुरूप पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प भी दोहराया।
















