राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड की शानदार शुरुआत, चंडीगढ़ को 6-0 से रौंदा

शंभू कुमार सिंह
रांची: महाराष्ट्र के पुणे में 12 से 23 अगस्त तक आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 में हॉकी झारखंड की टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। अपने पहले मुकाबले में झारखंड ने हॉकी चंडीगढ़ को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से पराजित किया।

झारखंड की ओर से पुष्पा डांग ने दो गोल किए। वहीं एस्थर होरो, सरोज मुंडरी, जमुना कुमारी और संगीता कुमारी ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। झारखंड की कप्तान रजनी केरकेट्टा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उनके बेहतरीन खेल के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस शानदार जीत के बाद हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

झारखंड टीम में गंगी बरला, सोनाली तिर्की, सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम और जमुना कुमारी शामिल हैं।

















