बोकारो : चार दिन से लापता महिला का शव जंगल में दफन मिला, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खोदकर निकाला
गोविंद पाठक | बोकारो
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोकारो में चार दिनों से लापता 42 वर्षीय महिला केशुवती देवी का शव पुलिस ने जंगल में जमीन के नीचे से बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी मुस्तकीम अंसारी की निशानदेही पर की। शव मोहनडीह जंगल में दफन मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, तेतुलिया भट्ट टोला निवासी केशुवती देवी चार सितंबर को काम करने के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद महिला का पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने सेक्टर-12 थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
महिला के पुत्र ढुल्लू ने पुलिस को बताया कि उनकी मां चार सितंबर को काम के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुस्तकीम अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर महिला की गला दबाकर हत्या करने और शव को मोहनडीह जंगल में दफन करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर जंगल पहुंची और उसकी निशानदेही पर बताए गए स्थान पर खुदाई कराई।
मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन की खुदाई के बाद महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही आरोपी की भूमिका, महिला और आरोपी के बीच संबंध तथा घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

















