अवैध रेलवे टिकट दलाली का खुलासा, युवक गिरफ्तार

रांची: रेलवे टिकटों की अवैध दलाली के खिलाफ RPF पोस्ट रांची और CIB रांची की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 13 सितंबर 2026 को रांची रेलवे बुकिंग काउंटर पर की गई। विश्वसनीय सूचना के आधार पर RPF और CIB की संयुक्त टीम ने रेलवे बुकिंग काउंटर पर छापेमारी-सह-तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान PRS काउंटर संख्या-05 से तत्काल टिकट खरीदने के बाद प्रवीण कुमार वर्मा (25), पिता महावीर प्रसाद वर्मा, निवासी रामूसरन, डाकघर मांद्रो, थाना देवरी, जिला गिरिडीह को हिरासत में लिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार लाइव PRS रेलवे टिकट बरामद हुए, जिनका कुल मूल्य 29,275 रुपये है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, तीन भरे हुए और चार खाली रेलवे टिकट आरक्षण मांग-पत्र (Requisition Forms) भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह ग्राहकों के लिए रेलवे टिकटों की व्यवस्था करता था और उन्हें अतिरिक्त शुल्क लेकर उपलब्ध कराकर आर्थिक लाभ कमाता था।

RPF ने बरामद टिकटों और अन्य सामग्रियों को नियमानुसार जब्त कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ RPF/Post/Ranchi में Case No. 2918/2026, दिनांक 13.09.2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
















