मानदेय और मोबाइल रिचार्ज समेत कई समस्याओं को लेकर आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की बैठक

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में बुधवार को आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं की बैठक हुई। इसमें सेविका-सहायिकाओं ने लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं और लंबित भुगतानों को लेकर चर्चा की। बैठक में बढ़ा हुआ मानदेय नहीं मिलने, मोबाइल रिचार्ज की राशि का भुगतान नहीं होने, चावल वितरण में कथित अनियमितता, गैस की राशि समय पर नहीं मिलने और इंसेंटिव राशि लंबित रहने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

सेविका-सहायिकाओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के साथ विभागीय कार्यों को पूरा करने की जिम्मेदारी वे लगातार निभा रही हैं, लेकिन जरूरी संसाधनों और विभिन्न मदों की राशि का भुगतान समय पर नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल रिचार्ज की राशि नहीं मिलने से विभागीय कार्यों में भी दिक्कत होने की बात कही गई।

बैठक में बढ़े हुए मानदेय का भुगतान अब तक नहीं होने पर भी सवाल उठाया गया। सेविका-सहायिकाओं ने विभाग से मानदेय और इंसेंटिव की लंबित राशि के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने तथा भुगतान जल्द कराने की मांग की। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों में चावल वितरण में कथित अनियमितता की शिकायत करते हुए व्यवस्था की जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

सेविका-सहायिकाओं का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित होती हैं। ऐसे में खाद्यान्न, गैस और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता नियमित रहनी चाहिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी समस्याओं और मांगों को लेकर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) को लिखित सूचना दी जाएगी। सेविका-सहायिकाओं ने लंबित भुगतान सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में सदर सिमडेगा क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाएं शामिल हुईं।
जैन भवन में मनाया गया क्षमा दिवस, संवत्सरी क्षमावाणी के साथ हुआ विशाल रक्तदान शिविर
रांची: श्री साधुमार्गी जैन संघ, रांची के तत्वावधान में बुधवार को हरमू रोड स्थित जैन भवन में पर्युषण महापर्व का अंतिम दिन…
गणेश पूजा को लेकर रांची में पुलिस का विशेष अभियान, अपराधियों और अड्डेबाजों पर कसा शिकंजा
रांची: गणेश पूजा के दौरान राजधानी में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रांची पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है।…
















