सड़क दुर्घटनाओं पर विधायक पूर्णिमा साहू ने जताई चिंता, भारी वाहनों की नो-एंट्री सख्ती से लागू करने की मांग

जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और भारी वाहनों की चपेट में आकर हो रही जानमाल की क्षति पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने चिंता जताई है। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त को पत्र लिखकर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए कई सुझाव दिए हैं।

विधायक ने मांग की है कि शहरी क्षेत्र में सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू की जाए और इसका सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर औद्योगिक शहर है और मालवाहक वाहनों का परिचालन जरूरी है, लेकिन औद्योगिक गतिविधियों के साथ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

पत्र में उन्होंने प्रमुख और व्यस्त चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, नो-एंट्री की समयसारिणी और यातायात नियमों की जानकारी देने वाले स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव दिया है। इसके अलावा व्यस्त इलाकों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और भारी वाहनों के मार्गों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है, ताकि नियमों के उल्लंघन पर निगरानी और कार्रवाई की जा सके।

विधायक ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने, सड़क सुरक्षा ऑडिट कराने तथा सड़क संरचना, संकेतक और प्रकाश व्यवस्था में सुधार का सुझाव दिया है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्पष्ट स्पीड लिमिट साइन बोर्ड लगाने पर भी जोर दिया गया है। भारी वाहन चालकों के नशे में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उन्होंने समय-समय पर ब्रेथ एनालाइजर से ड्रंकन ड्राइविंग जांच कराने की मांग की है।

पूर्णिमा साहू ने बताया कि मई 2026 में हुई जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में भी उन्होंने यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सुझाव दिए थे। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित कंपनियों के समन्वय से इन सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आग्रह किया है।

विधायक ने कहा कि विकास और औद्योगिक गतिविधियों के साथ नागरिकों की सुरक्षा का संतुलन जरूरी है। प्रशासन, पुलिस, संबंधित कंपनियों और आम लोगों के समन्वित प्रयास से जमशेदपुर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के लिए वह हर स्तर पर अपनी आवाज उठाती रहेंगी।

विधायक ने पत्र की प्रतिलिपि धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (शहरी), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), नगर आयुक्त, जमशेदपुर अक्षेस तथा टाटा स्टील-यूआईएसएल के महाप्रबंधक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।
वज्रपात से 13 पशुओं की मौत, दो पशुपालक परिवारों को भारी नुकसान
पलामू: चैनपुर प्रखंड की रबदा पंचायत में बुधवार को हुए वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में 13 पशुओं की मौत हो गई। घटना…
गोड्डा : कथित पत्रकार से जुड़े घर में अवैध हथियार निर्माण का आरोप, पुलिस ने बरामद की देशी कट्टा बनाने की मशीन
महागामा के घाट बलिया गांव में छापेमारी, देशी कट्टा और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद; कई लोगों से पूछताछ,…
















