पिता की डांट से नाराज बुआ-भतीजी ने छोड़ा घर, पुलिस ने दोनों को सकुशल बरामद किया

पलामू: चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध से लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों को सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा इलाके से बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घरेलू काम को लेकर पिता की डांट से नाराज होकर दोनों ने घर छोड़ दिया था।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने की बात कहकर घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास और संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला तो परिजनों ने चैनपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर दोनों की तलाश शुरू की। इलाके में कई तालाब होने के कारण पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की मदद से तालाबों में भी तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चियां सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा इलाके में मौजूद हैं। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि घरेलू काम को लेकर परिजनों की ओर से डांट-फटकार किए जाने से वे नाराज थीं। इसी नाराजगी में दोनों ने घर छोड़ने का फैसला किया। दोनों पहले ट्रेन से लातेहार पहुंचीं और वहां कुछ समय रहने के बाद पैसे खत्म होने पर वापस लौट आईं। इसके बाद वे भीमगड़ा इलाके में रहने लगी थीं। पुलिस ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद करने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।

जमशेदपुर : टेल्को में स्कूल वैन हादसा: डिवाइडर से टकराई टाटा विंगर, 17 बच्चे घायल; चालक समेत दो की हालत गंभीर
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरी एक टाटा विंगर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से…

चतरा : तीज की रात झाड़ियों में मिला नाबालिग का शव, टॉर्च और हेयरपिन बने पुलिस के सुराग; दो आरोपी गिरफ्तार
डीजे देखने घर से निकली थी नाबालिग, अगले दिन झाड़ियों में मिला शव; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को…
















