रांची : मुर्गियों की दावत उड़ाने पहुंचा विशालकाय अजगर, पोल्ट्री फार्म में मचा हड़कंप; वन विभाग ने किया रेस्क्यू

रांची। राजधानी रांची के खलारी प्रखंड के हुटाप पंचायत स्थित बाजारटांड़ कृतधौड़ा में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पोल्ट्री फार्म में विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखने के लिए देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, बाजारटांड़ कृतधौड़ा निवासी संदीप नायक पोल्ट्री फार्म चलाते हैं। पिछले कई दिनों से उनके फार्म से लगातार मुर्गियां गायब हो रही थीं। एक के बाद एक मुर्गियों के गायब होने से उन्हें चोरी की आशंका हो रही थी।
शनिवार सुबह जब संदीप फार्म पहुंचे तो उनकी नजर फार्म के एक कोने में पड़े विशालकाय अजगर पर पड़ी। अजगर का पेट काफी फूला हुआ था और वह ठीक से हिल-डुल भी नहीं पा रहा था। यह देखकर संदीप और आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

संदीप नायक के मुताबिक, अजगर ने एक साथ करीब चार से पांच मुर्गियां निगल ली थीं। अजगर को देखने के बाद उन्हें अंदाजा हुआ कि पिछले कई दिनों से फार्म से मुर्गियों के गायब होने के पीछे यही अजगर हो सकता है। उनके अनुसार, अजगर अब तक करीब 24 से 25 मुर्गियों को अपना शिकार बना चुका है।
फार्म में विशालकाय अजगर मिलने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी पूर्व मुखिया आशा देवी को दी गई। उन्होंने तत्काल पुलिस-प्रशासन और वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। वन विभाग के अजय मुंडा ने अजगर को सुरक्षित कब्जे में लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
अजगर के रेस्क्यू के बाद पोल्ट्री फार्म संचालक और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

धनबाद : निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य शूटर शिबू का ठिकाना बना पशु तस्कर का घर, BMW समेत कई लग्जरी गाड़ियां मिलीं
जमशेदपुर के चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य शूटर सागर सिंह उर्फ विजय सिंह उर्फ शिबू के निरसा में छिपने…

हजारीबाग में महिला संबंधी अपराध का फरार आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार, पुलिस ने विशेष टीम बनाकर की कार्रवाई
हजारीबाग: महिला संबंधी अपराध के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को हजारीबाग पुलिस ने उत्तर प्रदेश के…

















