रांची रेलवे स्टेशन से अगवा 4 साल का बच्चा साहिबगंज के तीनपहाड़ से बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

रांची: रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को रांची पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ से हुई है।

घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय गुप्तचर तंत्र के माध्यम से लगातार सुराग जुटाए। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग जिलों में छापेमारी शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात मुख्य सुराग के आधार पर एक आरोपी को धनबाद पुलिस के सहयोग से धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद मिली जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ में छापेमारी की गई, जहां से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

तीनपहाड़ से सुरक्षित मिला बच्चा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपहृत चार वर्षीय बच्चे को तीनपहाड़ से सकुशल और सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और बच्चे के अपहरण के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत अनुसंधान जारी है।

कई जिलों की पुलिस ने मिलकर चलाया अभियान
रांची पुलिस ने इस कार्रवाई में धनबाद पुलिस, जामताड़ा पुलिस, साहिबगंज पुलिस और पुलिस महानिरीक्षक, संथाल परगना के सहयोग के लिए आभार जताया है। पुलिस के अनुसार, देर रात विषम परिस्थितियों में भी सभी संबंधित पुलिस इकाइयों ने तत्परता से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।

रांची पुलिस ने कहा कि अलग-अलग जिलों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से यह कार्रवाई संभव हो सकी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अपहरण से जुड़े अन्य पहलुओं और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

तांतनगर में घर की दीवार गिरने से चार वर्षीय बच्चे की मौत, भाई गंभीर
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के मुरडीह गांव में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। घर की नई बनी…

जोरदार धमाके के साथ फटा ट्रांसफार्मर, बाल-बाल बचे लोग, दुर्गा पूजा पंडाल के पास हुआ हादसा
सिमडेगा: शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गुलजार गली में शनिवार को दुर्गा पूजा पंडाल के पास लगा बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक जोरदार…
















