नक्सली मामले के वारंटी को पकड़कर छोड़ना पड़ा महंगा, दंगवार ओपी प्रभारी लाइन हाजिर
पलामू: बिहार के मोतिहारी जिले में दर्ज नक्सली मामले के एक वारंटी को गिरफ्तार करने के बाद छोड़ देना दंगवार ओपी प्रभारी को महंगा पड़ गया। मामले की जांच में वारंटी को पुलिस द्वारा पकड़कर थाने लाने और बाद में छोड़ने की पुष्टि होने के बाद पलामू एसपी कपिल चौधरी ने दंगवार ओपी प्रभारी सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र मेहता को लाइन हाजिर कर दिया है।जानकारी के अनुसार, पलामू पुलिस इन दिनों विभिन्न मामलों में फरार और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। इसी अभियान के दौरान 22 सितंबर की रात दंगवार ओपी पुलिस ने राजेंद्र पासवान को पकड़ा था। राजेंद्र पासवान पर बिहार के मोतिहारी जिले में वर्ष 2016 में नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामले में 17 सीएल एक्ट के तहत केस दर्ज होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि दंगवार ओपी प्रभारी ने राजेंद्र पासवान को रात करीब 12 बजे पकड़ा था। हालांकि, आरोप है कि उसे गिरफ्तार करने के बाद उसी रात छोड़ दिया गया। मामले की जानकारी पलामू एसपी कपिल चौधरी तक पहुंची तो उन्होंने इसकी जांच कराने का निर्देश दिया।एसपी के निर्देश पर हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला के नेतृत्व में मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान इस बात की पुष्टि हुई कि राजेंद्र पासवान को पुलिस ने पकड़ा था और बाद में उसे छोड़ दिया गया। बताया गया है कि राजेंद्र पासवान दंगवार क्षेत्र में ही रहता है और उसकी उम्र करीब 68 वर्ष है।

एसपी ने कहा- पकड़ने के बाद वरीय अधिकारियों को देनी थी जानकारी
मामले में पलामू एसपी कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को पकड़ने के बाद उसे इस तरह छोड़ देना उचित नहीं है। यदि पुलिस ने वारंटी को पकड़ा था तो इसकी जानकारी तत्काल वरीय अधिकारियों को दी जानी चाहिए थी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ओपी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया।

मोतिहारी पुलिस भी जुटा रही जानकारी
इस मामले में यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राजेंद्र पासवान के खिलाफ मोतिहारी जिले में कुल कितने मामले दर्ज हैं और नक्सली मामले में उसकी भूमिका किस स्तर की थी। इस संबंध में मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात से जानकारी मांगी गई है। उन्होंने बताया कि राजेंद्र पासवान से जुड़े मामले और उसकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पलामू पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वारंटियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में भी चर्चा तेज हो गई है।

बैंकों और आभूषण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर पुलिस की नजर, गढ़वा में चला निरीक्षण अभियान
गढ़वा। जिले में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से गढ़वा पुलिस ने बैंकों और आभूषण…

बड़कागांव से लापता लड़की 24 घंटे में बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
हजारीबाग: बड़कागांव थाना क्षेत्र से लापता हुई एक लड़की को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 24 घंटे के भीतर सकुशल…

















