massive-fire-breaks-out-conveyor-belt

बोकारो स्टील प्लांट में कन्वेयर बेल्ट में लगी भीषण आग, K-21 और K-22 धू-धू कर जले

Share
Link copied

बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में गुरुवार सुबह कन्वेयर बेल्ट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ब्लास्ट फर्नेस के बाहर स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट संख्या K-21 और K-22 में आग लगी। देखते ही देखते बेल्ट धू-धू कर जलने लगा और घटनास्थल से उठता धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दिया। जानकारी के मुताबिक, कन्वेयर बेल्ट के जरिए गर्म स्लैग फर्नेस की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गर्म स्लैग के संपर्क में आने से बेल्ट में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही प्लांट की फायर विंग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

RKDF
advertisement

आधे घंटे में आग पर काबू पाने का दावा

बोकारो स्टील प्लांट के चीफ कम्युनिकेशन ऑफिसर मणिकांत धान ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि K-21 और K-22 कन्वेयर बेल्ट में सुबह करीब 9:30 बजे संभवतः गर्म स्लैग के कारण आग लगी थी। फायर विंग ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। प्रबंधन के मुताबिक, घटना ब्लास्ट फर्नेस के बाहर हुई है। इसलिए प्लांट की मुख्य इकाइयों के संचालन पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और उत्पादन सामान्य रूप से जारी है। क्षतिग्रस्त कन्वेयर बेल्ट को बदला जाएगा।

Advertisment
Advertisment

बड़ा हादसा टला

घटना के दौरान मौके पर किसी के मौजूद नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई। आग की तस्वीरों और वीडियो में कन्वेयर बेल्ट से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों और मजदूरों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ी है।

Advertisment
Advertisment

BSL में सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

बोकारो स्टील प्लांट में औद्योगिक उपकरणों और कन्वेयर सिस्टम से जुड़ी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर प्लांट में फायर सेफ्टी और औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि, प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से प्लांट के उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ा है। अब देखने वाली बात होगी कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में क्या सामने आता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।