गोड्डा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा: जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोड्डा नगर थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 50.5 ग्राम ब्राउन शुगर, 58,250 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एक एक्सयूवी कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गोड्डा पुलिस की ओर से नौ अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आठ अक्टूबर को छापेमारी की गई। एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में डेडिकेटेड एंटी-नारकोटिक्स टीम और नगर थाना पुलिस ने ब्लॉक फील्ड स्थित हनुमान मंदिर के पास कार्रवाई कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स (22), अभिषेक कुमार उर्फ सोमदेव कुमार उर्फ डमरू (21), छोटू कुमार उर्फ सरफराज अहमद (29), रघु कुमार उर्फ राहुल कुमार (33) और पंकज कुमार यादव (34) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, अमित कुमार के पास से 26.7 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, 44,350 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन और जेएच17एबी-3823 नंबर की एक्सयूवी कार बरामद हुई। वहीं, अभिषेक कुमार के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन, 13,900 रुपये नकद और जेएच17एडी-7527 नंबर की मोटरसाइकिल मिली। इसके अलावा छोटू कुमार और रघु कुमार के पास से पांच-पांच ग्राम तथा पंकज कुमार यादव के पास से 3.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स के खिलाफ पहले भी गोड्डा नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से ऐसे अवैध कारोबार की सूचना निकटतम थाना या गोड्डा पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन भी दिया है।

जयराम महतो को मिली पीएचडी की उपाधि, अब नाम के आगे लगेगा ‘डॉ.’
धनबाद। झारखंड के डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम महतो ने शैक्षणिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार, 9…

केनरा बैंक डकैती कांड: पांचों अपराधियों पर 10 लाख का इनाम, पुलिस ने जारी किया वीडियो
15 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस को नहीं मिली सफलता, 24 किलो सोना और 42 लाख रुपये लूटने…
















