धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई दुकानों के छोले और मिठाइयों में मिला रासायनिक रंग

धनबाद: आगामी त्योहारों को देखते हुए धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। रांची से पहुंची मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) की मदद से शहर के विभिन्न इलाकों में स्ट्रीट फूड स्टॉल, होटल और रेस्टोरेंट की जांच की गई। इस दौरान कई दुकानों के छोले, चिकन मसाले, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में रासायनिक रंग अथवा मिलावट पाई गई। संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव प्रसाद के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में जांच दल ने हीरापुर बाजार से पुलिस लाइन तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। मोबाइल लैब के माध्यम से खाद्य पदार्थों की रासायनिक जांच मौके पर ही की गई।

जांच के दौरान सुपर श्री राम चाट, विजय चाट शॉप, शुभम चाट, जय गुरु चाट सेंटर, मुरारी कुमार चाट ठेला, स्पाइसी चाट एंड मोमोज, चाट शॉप ठेला, हॉट एंड टेस्टी चाट और स्पाइसी अमृत चाट के छोले में रासायनिक रंग पाया गया। सभी जगह संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।

काली दस किचेन में चिकन के मसाले में रासायनिक रंग मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। वहीं, राजस्थानी नमकीन दुकान में मोतीचूर, बेसन और घी के लड्डू में रासायनिक रंग पाया गया। धनंजय मंडल के समोसा ठेले पर आलू के मसाले और चटनी में भी रासायनिक रंग मिला। इन खाद्य पदार्थों को भी मौके पर नष्ट कराया गया। शंकर होटल के मालिक पंकज महतो के ठेले पर हल्दी में मिलावट पाई गई। इसके बाद मिलावटी हल्दी के साथ उससे तैयार खाद्य सामग्री को भी नष्ट कराया गया। शंकर मिष्ठान भंडार के बेसन के लड्डू में भी रासायनिक रंग मिलने पर उसे नष्ट कराया गया।

जांच के दौरान चाट चटोरी दुकान में खाद्य लाइसेंस नहीं मिला और साफ-सफाई की कमी भी पाई गई। धनबाद समोसा चाट वाले के स्टॉल पर गंदगी मिलने के बाद सुधार करने का निर्देश दिया गया। झारखंड चिकन पकौड़ा ठेले पर साफ-सफाई की स्थिति खराब थी और पकौड़े बनाने वाली कढ़ाई भी गंदी मिली। संचालक को स्वच्छता बनाए रखने और व्यवस्था में सुधार करने को कहा गया। इसके अलावा 16 अन्य ठेलों पर भी खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के मानकों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन कुल 83 खाद्य नमूनों की रासायनिक जांच की गई थी। संबंधित कारोबारियों को कमियों में सुधार के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थ जांच में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धनबाद के नागरिकों को स्वच्छ, शुद्ध और मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के साथ यह अभियान जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगा। जांच दल में नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजया परमार, चंदन साव, चंद्रदेव गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा और नैना नायक के अलावा राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार और शुभम कुमार शामिल थे।

व्यक्तिगत दुःख से बड़ा राजधर्म: माँ के निधन के बीच भी सरकारी फाइलों का निपटारा कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
रांची: व्यक्तिगत शोक और अपूरणीय क्षति के क्षणों में भी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना एक सच्चे जनसेवक की पहचान होती…

रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो सिमडेगा ने दी श्रद्धांजलि, अनिल कंडुलना ने बताया अपूरणीय क्षति
सिमडेगा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सिमडेगा जिला समिति…















